मारपीट, पथराव व फायरिंग में जवाबी रिपोर्ट दर्ज
अमृतपुर। गांव बनासीपुर में जमीन विवाद में रविवार को दो पक्षों में मारपीट, पथराव होने के बाद जवाबी फायरिंग हुई थी। इसमें सात लोग घायल हुए थे। तहरीर मिलने पर पुलिस ने एक पक्ष के सात और दूसरे पक्ष के चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव बनासीपुर निवासी दलवीर व रामवीर में रविवार को जमीन विवाद में मारपीट, पथराव होने के बाद जवाबी फायरिंग हुई थी। मारपीट में एक पक्ष से दलवीर, सुदेश, अमर सिंह, मान सिंह और दूसरे पक्ष से रामवीर, प्रमोद, रामराज घायल हो गए थे। अमर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने प्रदीप कुमार, बाबूराम, सत्यराम, सुरेंद्र, समरपाल, प्रमोद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
इसमें कहा गया कि आरोपी उसकी जमीन पर हैंडपंप लगा रहे थे। जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने लाठी डंडों से मारपीट करने के बाद पथराव और फायरिंग की। दूसरे पक्ष से प्रदीप की तहरीर पर देव सिंह, मान सिंह, अमर सिंह व दलवीर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
इसमें कहा है कि आरोपी उसकी जमीन पर कब्जा करने रविवार को आए। आरोपियों ने खेत में पड़ी झोपड़ी को तोड़ दिया। इसका विरोध करने पर झोपड़ी में आग लगा दी और लाठीडंडों से मारपीट के बाद फायरिंग की।