कमालगंज। क्षेत्र के गांव कुंडपुरा में बच्चों के साथ गंगा में नहाते समय 8 वर्षीय बालक तेज धार में बह गया। बालक के डूबने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बालक की तलाश में गोताखोर गंगा में उतारे। देर रात तक खोजबीन चलती रही।
गांव कुंडपुरा निवासी जितेंद्र कुमार यादव रविवार शाम को अपना लोडर गांव के निकट स्थित गंगा किनारे धो रहे थे। इस दौरान गांव के कई बच्चे गंगा में नहा रहे थे। इस बीच जितेंद्र का आठ वर्षीय बेटा रवि कुमार भी वहां पहुंच गया। बच्चों को नहाता देख वह भी गंगा में उतर गया। नहाते समय रवि तेज धार में बहने लगा। यह देख बच्चों ने चीखपुकार मचाई।
तब तक रवि डूब गया। इसकी जानकारी मिलते ही गांव वालों की भीड़ लग गई। कुछ लोगों ने गंगा में उतरकर उसकी तलाश की। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक अजय नारायण फोर्स के साथ गांव पंखियन निवासी 6 गोताखोरों को लेकर मौके पर पहुंचे। गोताखोर देर रात तक रवि की तलाश करते रहे। वहीं गंगा किनारे बड़ी तादाद में ग्रामीणों की भीड़ लगी रही।