फर्रुखाबाद। कोरोना संक्रमण की धीमी पड़ती रफ्तार के साथ बाजार खुलने का समय भी बढ़ा दिया गया है। अब सुबह सात से रात नौ बजे तक दुकानें खोलने की अनुमति दी गई है। हफ्ते में दो दिन की बंदी यथावत प्रभावी रहेगी।
शासन से आदेश जारी कर सभी जनपदों को कारोना कर्फ्यू में छूट दी गई है। शनिवार व रविवार बंदी रहेगी। सोमवार से शुक्रवार तक पांच दिन कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए रात नौ बजे तक बाजार खोलने की अनुमति दी गई है। होटल व रेस्टोरेंट 50 प्रतिशत क्षमता के हिसाब से खुल सकते हैं। शापिंग स्टोर व मॉल भी खोले जाएंगे। मिठाई व अन्य खाद्य पदार्थ की दुकानों में कुर्सियां नहीं डाली जाएंगी। स्कूल, कालेज फिलहाल बंद रहेंगे। शिक्षण संस्थाओं में ऑनलाइन पढ़ाई कराई जाएगी। ई-रिक्शे में चालक सहित तीन व्यक्ति व चार पहिया वाहन में चार लोगों के बैठने की अनुमति है।
व्यापारियों ने जताई खुशी
शहर के रेलवे रोड स्थित दालमोठ व्यापारी इंद्रप्रकाश मिश्रा ने कहा कि रात नौ बजे तक दुकान खोलने की अनुमति से व्यापार में राहत मिलेगी। हालांकि फिलहाल ग्राहकों की भीड़ नहीं है।
शहर के पल्ला स्थित मिठाई व्यापारी श्याम दीक्षित का कहना है कि दुकान खोलने का समय बढ़ने व्यापार को कुछ बढ़ावा मिलेगा।
टाउनहाल स्थित पेंट व्यापारी राजकुमार वर्मा ने बताया कि समय बढ़ने से व्यापार में कुछ राहत मिलेगी। वहीं शाम के समय दुकान बढ़ाने में भी आराम मिलेगी।
शहर के नेहरू रोड स्थित सराफा व्यापारी अजीत कुमार का कहना है कि कोरोना काल में व्यापार पूरी तरह चौपट हो चुका है। हालांकि समय बढ़ने से कुछ तो राहत मिलेगी।