फर्रुखाबाद। राजकीय इंटर काॅलेज जमापुर के छात्रावास में वार्डन के पद पर नौकरी के नाम पर तीन लाख की ठगी कर ली गई। पीड़ित ने कुछ रुपया नगद और कुछ खाते में दिया। अब फोन रिसीव करने भी बंद कर दिया। पीड़ित ने एसपी को पत्र देकर दोनों आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।
शहर कोतवाली के मोहल्ला चिलपुरा निवासी राजकुमार मिश्रा ने एसपी को पत्र दिया। जिसमें कहा कि राजेपुर क्षेत्र के प्राइमरी स्कूल में तैनात एक शिक्षक से पहचान थी। सात माह पहले उन्होंने कहा कि एक मित्र की शिक्षा विभाग में अच्छी पहचान है। उन्हीं के माध्यम से उनकी भी जुगाड़ है। उन्होंने शिक्षा विभाग में कई लोगों की नौकरी लगवाई। बेटी अर्चना काफी पढ़ी है। 3.50 लाख रुपये दो, तो राजकीय इंटर काॅलेज जमापुर के छात्रावास में वार्डन के पद पर लगवा देंगे।
23 फरवरी को शिक्षक के घर जाकर 1.25 लाख रुपये राज को नगद दिए। 24 फरवरी के बेटी अर्चना के खाते से 1.75 लाख रुपये राज नाम के व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर किए। यह खाता औरैया का है। शेष 50 हजार नौकरी लगवाने पर देने को कह दिया। शिक्षक और दोस्त राज ने अब फोन उठाना ही बंद कर दिया। इससे साफ है कि नौकरी के नाम पर षड्यंत्र करके तीन लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई है। उन्होंने दोनों आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।