नवाबगंज। बैंक ऑफ इंडिया शाखा चंदुइया के खाते से 1.54 लाख रुपये निकलने से ग्रामीण गश खाकर काउंटर के पास गिरा। वहां मौजूद लोगों ने उसको उठाया और पानी पिलाया। पीड़ित ने इसकी शिकायत बैंक अधिकारियों से की है।
मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव देवरा महसोना निवासी किसान महाराज सिंह का बैंक ऑफ इंडिया शाखा चंदुइया में खाता है। उसने खाते में एक लाख 54 हजार 941 रुपये 13 मई 2019 तक जमा किए थे। वह खाते से रुपये निकालने एक बार भी बैंक नहीं गए। शुक्रवार को वह खाते से रुपये निकालने गए थे। तब पता चला कि उनके खाते में मात्र 217 रुपये हैं, बकाया 1 लाख 54 हजार 734 रुपये कई बार में निकल गए हैं। यह सुनकर वह गश खाकर वहीं गिर पड़े। वहां मौजूद लोगों ने उस पर पानी डाला और उठाया।
पूछताछ पर पता चला कि उसके खाते में उसके स्थान पर दूसरे व्यक्ति का आधार कार्ड लगा हुआ है। ऑनलाइन रुपये का ट्रांसफर किया गया है। शाखा प्रबंधक गौरव सिंह तोमर ने फोन पर बताया कि वह रिश्तेदार की बीमारी में बाहर आए हैं। सोमवार को शाखा में पहुंचकर मामले को गंभीरता से दिखवाया जाएगा। पीड़ित की हर संभव मदद की जाएगी। जो दोषी होगा उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।