कमालगंज। आयावर्त ग्रामीण बैंक के पूर्व शाखा प्रबंधक और उनके एक साथी के खिलाफ गबन का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि चार खाताधारकों के खातों से धोखाधड़ी कर साथी के खाते में 1.63 लाख रुपये स्थानांतरित कर लिए गए। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को होने पर शाखा प्रबंधक ने पूर्व शाखा प्रबंधक व उनके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
थानाक्षेत्र के गांव रजीपुर में स्थित आर्यावर्त ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक मोनार्क चावला ने फर्रुखाबाद के आवास विकास निवासी बैंक के तत्कालीन शाखा प्रबंधक राहुल हांडा व क्षेत्र के गांव बसाह नगला निवासी धीरेंद्र प्रताप सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि राहुल हांडा रजीपुर बैंक में सात सितंबर 2021 से 23 नवंबर 2021 तक शाखा प्रबंधक थे।
राहुल ने बैंक के ग्राहक धीरेंद्र के साथ मिलकर षड्यंत्र कर बैंक व खाता धारकों को क्षति पहुंचाकर धोखाधड़ी कर ग्राहकों के खातों से रुपये निकाल लिए। राहुल हांडा ने भिम्मी नगला निवासी मानसी के खाते से 30 अक्तूबर 2021 को 57 हजार रुपये धोखाधड़ी कर धीरेंद्र प्रताप के खाते में स्थानांतरित कर दिए थे।
16 जून 2021 को तत्कालीन शाखा प्रबंधक उदयपाल सिंह ने भिम्मी नगला निवासी सीसी ऋण धारक बृजपाल के 51 हजार 707 रुपये उनका बचत खाता न होने के कारण बैंक के लाभ हानि खाते में जमा कर दिए थे। राहुल ने बृजपाल के रुपये भी 13 अक्तुबर 2021 को धीरेंद्र के खाते में भेज दिए थे।
इसी प्रकार राजेश्वरी देवी के खाते से 42 हजार छह सौ 77 रुपये व तीन नवंबर 2021 को खाताधारक अशोक कुमार के खाते से 1200 रुपये धोखाधड़ी करते हुए वीरेंद्र सिंह के खाते में ट्रांसफर कर दिए गए थे। राहुल व धीरेंद्र ने मिलकर एक लाख 63 हजार 384 रुपये का गबन किया है। राहुल वर्तमान में जनपद के मेरापुर के बैंक में फील्ड ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं।