पुलिस ने चार वाहन लुटेरों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए लुटेरों के पास से लूटा गया ट्रैक्टर और एक बोलेरो बरामद हुई है। एसपी ने पुलिस लाइन में वार्ता के दौरान टीम को पांच हजार रुपये का इनाम दिया।
स्वाट प्रभारी ब्रजेश यादव को मुखबिर ने सूचना दी कि लकूला से लूटा गया ट्रैक्टर बेचने के लिए शाहजहांपुर जा रहे है। इस सूचना पर ब्रजेश यादव ने शहर कोतवाली पुलिस को साथ लेकर रविवार तड़के लकूला की ओर जाकर घेराबंदी कर ली। इस दौरान बोलेरो पर सवार लुटेरों ने पुलिस की टीम को आते हुए देखा तो पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने अपने को बचाते हुए भाग रहे वाहन लुटेरों को दबोच लिया। पुलिस ने पकड़े गए चारों लुटेरों को कोतवाली ले गए। इसकी जानकारी आलाधिकारियों को दी गई।
पकड़े गए लुटेरों ने अपना नाम शिवराजवीर सिंह निवासी खेरा थाना अल्छदा जिला औरैया, रनवीर सिंह उर्फ भूरे निवासी नगला भगत थाना अल्छदा जिला औरैया, जीतू सिंह निवासी ददूसराय निवासी दिबियापुर जिला औरैया और थाना मऊदरवाजा के मोहल्ला रकाबगंज निवासी दनिश बताए। सोमवार दोपहर एसपी राजेश कृष्ण ने पुलिस लाइन में वार्ता के दौरान बताया कि पकड़े गए बदमाशों से कानपुर के थाना मंगलपुर इलाके से 24 फरवरी को लूटा गया ट्रैक्टर बरामद किया गया।
इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बोलेरों भी पकड़ी गई। पकड़े गए लुटेरों से तमंचे और कारतूस भी बरामद किए गए। घेराबंदी के दौरान पुलिस को चकमा देकर महिला सरगना फरार हो गई। एसपी ने टीम को उसकी गिरफ्तारी के निर्देश दिए। जिला बिधूना के माधौपुर अखाह निवासी ओमकार से यह ट्रैक्टर लूटा गया था।