ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी में पकड़े गए दो भाइयों समेत तीन लोगों का सोमवार को चालान कर दिया गया। छापेमारी के दौरान इनके चार साथी फरार हो गए। पुलिस ने सट्टेबाजों के कब्जे से लैपटॉप और मोबाइल बरामद किए हैं। पुलिस टीम भागे साथियों की तलाश में दबिशें दे रही है।
शहर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी का कारोबार धड़ल्ले से होने की जानकारी पर एसपी राजेशकृष्ण के निर्देश पर स्वाट प्रभारी ब्रजेश यादव ने कोतवाली पुलिस के सहयोग से शनिवार की रात मोहल्ला रेलवे रोड नवग्रह मंदिर निकट निवासी उपेंद्र सिंह उर्फ ढुलई सिंह के मकान पर छापा मारा था। पुलिस ने उपेंद्र सिंह उर्फ ढुलई, उनके भाई राजेंद्र सिंह और राजेंद्र सिंह के बेटे कमल सिंह को पकड़ लिया था।
पुलिस ने इनके पास से लैपटाप और मोबाइल बरामद किए थे। पूछताछ के दौरान उपेंद्र सिंह ने कई महत्वपूर्ण लोगों के नाम बताए। सोमवार को कोतवाली पुलिस ने दोनों भाइयों समेत तीनों का चालान कर दिया। पकड़े गए सटोरियों के पास से पुलिस ने 1.50 लाख रुपये, लैपटाप, 13 मोबाइल, 600 ग्राम नशीला पाउडर, तमंचा और कारतूस बरामद किया है।