फर्रुखाबाद। मुख्य विकास अधिकारी ने शुक्रवार सुबह विकास भवन स्थित डीडीओ व डीपीआरओ कार्यालय का निरीक्षण किया। चार कर्मचारी गैरहाजिर मिले। सभी का वेतन काटने के साथ लगातार गायब रहने वाले दो कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
विकास भवन स्थित जिला विकास अधिकारी का सीडीओ एम. अरून्मोली ने सुबह 10:20 बजे निरीक्षण किया। इस दौरान लिपिक मंजू गुप्ता व स्टेनो शिवकुमार अनुपस्थित थे। उनका कोई अवकाश प्रार्थनापत्र भी नहीं मिला। शिवकुमार 20 जून से लगातार गैरहाजिर चल रहे हैं। इसके अलावा वह जनवरी में 11 दिन, फरवरी में चार दिन, मार्च में 15 दिन व 12 मई से चार जून तक अनुपस्थित रहे।
पूर्व में उन्हें अनुशासनहीनता में सीडीओ ने अपने कार्यालय से डीडीओ कार्यालय वापस भेजा था। सीडीओ ने मंजू गुप्ता का एक दिन का वेतन काटने के साथ स्पष्टीकरण लेने व शिवकुमार को नोटिस देकर कार्रवाई करने के डीडीओ को निर्देश दिए हैं।
आईजीआरएस की तीन शिकायतें लंबित होने व संतोषजनक जवाब न देने पर प्रधान सहायक प्रीती तिवारी को मोहम्मदाबाद ब्लाक में तैनात करने के लिए कहा। डीपीआरओ कार्यालय के निरीक्षण में पत्रवाहक अजय कुमार गैरहाजिर मिलने पर उनका वेतन रोक दिया। वहीं 28 मार्च से लगातार गायब चल रही पत्रवाहक मुन्नी देवी तोमर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने के डीपीआरओ को निर्देश दिए हैं।