फर्रुखाबाद। जनपद के पांच क्रिकेट खिलाड़ियों का अंडर-19 आयु वर्ग की मंडलीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया है। यह प्रतियोगिता एक से तीन जून तक बुलंदशहर में होगी। चयनित खिलाड़ियों में तीन को मुख्य टीम में जगह मिली है, जबकि दो खिलाड़ियों को रिजर्व रखा गया है।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव मोहनलाल अग्रवाल ने बताया कि विगत दिनों जनपद की अंडर-19 टीम फिरोजाबाद जोन खेलने गई थी। वहां खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर मंडलीय प्रतियोगिता के लिए टीम का चयन किया गया। उन्होंने बताया कि दो जून को टीम का मुकाबला गाजियाबाद से तथा तीन जून को बुलंदशहर की टीम से होगा। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम को आगे कमला क्लब कानपुर में खेलने का अवसर मिलेगा। मुख्य टीम में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अभय गंगवार, दाएं हाथ के बल्लेबाज प्रांजल सिंह और विकेटकीपर सात्विक का चयन किया गया है। वहीं अभिषेक पाल और रोहित कुमार को रिजर्व खिलाड़ियों की सूची में रखा गया है। खिलाड़ियों के चयन पर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने खुशी जताते हुए बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।