नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। बिजली बिल के जमा किए गए पांच लाख रुपये ग्रामीण के खाते में आ गए। ग्रामीण ने उसमें से करीब तीन लाख रुपये खर्च कर लिए। दो माह बाद मामला पकड़ में आने पर बाराबंकी यूपीपीसीएल ने ग्रामीण को पुलिस के हवाले किया।
थाना क्षेत्र के गांव बाग निवासी संग्राम सिंह यादव पिकअप चालक हैं। उसके खाते में दो माह पहले पांच लाख रुपये आ गए। संग्राम सिंह ने इसकी जानकारी बैंककर्मियों को नहीं दी। धीरे-धीरे कर वह खाते से रुपये खर्च करता रहा। दो माह में संग्राम सिंह ने तीन लाख रुपये निकाल लिए। दो दिन पहले बाराबंकी यूपीपीसीएल के कर्मचारियों ने जांच करके संग्राम सिंह को फोन जानकारी की।
बुधवार को यूपीपीसीएल के कर्मचारी सौरभ श्रीवास्तव व अंबुज कुमार नवाबगंज थाने पहुंचे। उन्होंने थानाध्यक्ष को जानकारी देकर संग्राम सिंह को पुलिस से थाने में हाजिर करवाया। संग्राम सिंह ने तीन लाख रुपये खर्च कर देने की बात बताई। बिजली कर्मचारियों ने सिर्फ इतना ही बताया कि गलत अकाउंट फीड होने के चलते बिजली बिल के जमा किए गए पांच लाख रुपये संग्राम सिंह के खाते में चले गए। जब मिलान किया तो मामला पकड़ में आया। इसके अलावा उन्होंने कुछ भी बताने से इन्कार कर दिया।
थानाध्यक्ष विद्यासागर तिवारी ने बताया सरकारी विभाग का पैसा अगर संग्राम सिंह वापस कर देता है तो उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी। अन्यथा रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।