मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गांव मदनपुर के पास गुरुवार रात बंद ईंट भट्ठे के खंडहर में छिपे बदमाशों को स्वाट टीम ने घेर लिया। आधा दर्जन से अधिक सशस्त्र बदमाश होने की पुष्टि के बाद फोर्स बुलवा ली गई। बदमाशों ने फायरिंग शुरू की तो पुलिस एक्शन में आ गई।
मुठभेड़ में गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए। करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद दो घायलों समेत पांच बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए थे। दो बदमाश मौके से भाग निकले। सभी बदमाश सर्राफ के घर डकैती डालने की योजना बना रहे थे।
पुलिस लाइन सभागार में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक डा. अनिल मिश्र ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर स्वाट टीम प्रभारी कुलदीप दीक्षित, सर्विलांस टीम प्रभारी सुरेश कुमार सिंह फोर्स के साथ मदनपुर के पास बंद पड़े भट्ठे पर पहुंचे। टोह लेने पर पता चला कि भट्ठे के कार्यालय कक्ष में मौजूद आधा दर्जन से अधिक बदमाश डकैती की योजना बना रहे थे।
उनके पास बड़ी मात्रा में असलहे भी थे। इस पर मोहम्मदाबाद कोतवाली से भी फोर्स बुला ली गई। घेराबंदी कर बदमाशों को ललकारा तो बदमाश पुलिस पर फायरिंग करते हुए वहां से भागे। इससे पुलिस कर्मी बाल-बाल बच गए। सर्विलांस व स्वाट टीम की जवाबी फायरिंग से दो बदमाश गोली लगने से घायल होकर गिर पड़े जबकि पांच साथी अंधेरे का फायदा उठाते हुए झाड़ियों में छिप गए।
आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने तीन अन्य बदमाशों को दबोच लिया। उनके कब्जे से एक राइफल, चार तमंचे, कारतूस व खोखे बरामद किए। पूछताछ में पता चला कि घायल बदमाश आमिर उर्फ जामिर जनपद कासगंज थाना व कस्बा सिढ़पुरा का निवासी है, जबकि घायल सलमान जनपद बरेली के थाना व कस्बा सिरोली निवासी है।
इसके अलावा जनपद कन्नौज थाना इंदरगढ़ के गांव फकीर पुरवा निवासी नासिर व नवीहसन, जनपद बदायूं थाना व कस्बा उसैत निवासी वाशिद भी शामिल हैं। गिरोह का सरगना जनपद बदायूं थाना बिसौली के सैदपुर निवासी मोबीन व बरेली के कस्बा सिरोली निवासी शाहीन फरार हो गए।
उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। एसपी ने बताया कि गत दिनों राजस्थान प्रांत के भरतपुर, अलवर, धौलपुर, मथुरा में इन्हीं बदमाशों ने डकैती, हत्या जैसी संगीन वारदातों को अंजाम दिया था। इनके कुछ साथी भरतपुर में गिरफ्तार हो चुके हैं। इसके चलते मुकदमे में पैरवी के लिए रुपये का इंतजाम करने को एक सर्राफ के यहां डकैती की योजना बना रहे थे। घटना को अंजाम देने के बाद कन्नौज जाने की योजना थी। वार्ता के दौरान एएसपी त्रिभुवन सिंह भी शामिल रहे।