फर्रुखाबाद। हरदोई निवासी रिश्तेदार को पीटने की शिकायत करने पर दबंगों ने दंपती समेत पांच लोगों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस घटना में पीड़ित ने पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कादरी गेट थाना क्षेत्र के गांव चांदपुर के मजरा कोरी नगला निवासी जितेंद्र कोरी के यहां गणेश प्रतिमा रखी गई थी। उसमें शामिल होने हरदोई के गांव पांडेपुर निवासी रिश्तेदार विमल आए थे। 30 अगस्त की रात वह गली में लघुशंका करने गए। पड़ोसी संजय कठेरिया ने लाठी-डंडे से पीट दिया। जितेंद्र मारपीट की शिकायत करने संजय के घर गए।
इस दौरान संजय के साथी हीरालाल, भाई पन्नालाल, पचीसा और टुनटुन ने लाठी-डंडे व धारदार हथियार से हमला कर दिया। मारपीट जितेंद्र के अलावा उसके पिता सत्यपाल, मां मालती देवी, भाई जोगेंद्र और परिवार की कृष्णा देवी घायल हो गईं। पुलिस ने घायलों का डाक्टरी परीक्षण कराया। घटना के जांच शुरू कर दी गई है।