मछली विक्रेता की पीट पीटकर हत्या
कायमगंज (फर्रुखाबाद)। नगर से सटे गांव प्रेमनगर निवासी मछली विक्रेता की बेरहमी से पीट पीटकर हत्या कर दी गई। पास में ही किराए पर रह रहा बहनोई पहुंचा तो हमलावर वहां से भाग गए। मृतक के परिजनों ने पड़ोसी मोहल्ले के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस को शरीर पर कोई खुली चोट के निशान नहीं मिले हैं।
गांव प्रेमनगर निवासी सोनू बाथम (22) पुत्र वीरपाल मछली बेचता था। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार देर रात वह मंडी से घर आ रहा था। तभी मोहल्ला बगिया में एक युवक से गालीगलौज हो गया। दोनों में खूब उठापटक हुई इसके बाद हमलावर के परिजन भी वहां पहुंच गए। उन्होंने सोनू की जमकर पिटाई कर दी।
इससे वह वहीं बेहोश हो गया। पास में ही सोनू का बहनोई सूरजपाल रहता है। चीख पुकार सुनकर जब वह पहुंचा तो हमलवार सोनू को छोड़कर भाग गए। बहनोई की सूचना पर अन्य परिजन पहुंच गए। सोनू को बेहोशी हालत में सीएचसी ले गए। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सीएचसी में पुलिस पहुंच गई।
मंडी चौकी प्रभारी ज्ञानेश्वर सिंह ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। उन्होंने बताया कि युवक के खुली चोट कहीं पर नहीं मिली है। परिजन कुछ लोगों पर मारपीट का आरोप लगा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद यह साफ हो जाएगा कि युवक की मौत कैसे हुई है। अंदरूनी चोट लगने से मौत होने का अंदेशा है।
सोनू की पत्नी सोनी व मां खजानों देवी रो-रोकर बेहाल हो गईं। मृतक के एक पुत्र सुशांत है। कोतवाली प्रभारी दिनेश भारती ने बताया कि मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने व तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।