अमृतपुर। घर से 16 लाख रुपये की चोरी की रिपोर्ट लिखने से बचने को पुलिस ने जांच के नाम पर बहानेबाजी शुरू कर दी। तहरीर लेकर किसान की पुत्री थाने गई तो पुलिस ने कहा पहले जांच होगी, उसके बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी, यह कहकर उसको थाने से टरका दिया।
थाना क्षेत्र के गांव महोलिया निवासी किसान ब्रजपाल सिंह के घर से रविवार रात बक्से का ताला खोलकर 15 लाख रुपये व एक लाख रुपये के जेवर चोरी हो गए थे। सोमवार पुलिस ने घर जाकर जांच भी की थी। मंगलवार सुबह ब्रजपाल सिंह की पुत्री सर्वेश कुमारी चोरी की रिपोर्ट अज्ञात में लिखाने को तहरीर लेकर थाने गई।
थानाध्यक्ष ने उससे कहा कि अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की जाएगी, वह बगैर रिपोर्ट दर्ज किए जांच कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद घटना की रिपोर्ट लिखी जाएगी। थानाध्यक्ष जसवंत सिंह ने बताया कि चोरी की घटना संदिग्ध है। अगर जांच में चोरी की घटना सही पाई गई तो रिपोर्ट लिख ली जाएगी।