शमसाबाद। कोल्ड स्टोरेज पहले आलू निकालने को लेकर बुधवार देर रात दबंगों का लोडिंग क्लर्क और चौकीदार से विवाद हो गया। दबंगों ने फायरिंग कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चौकीदार की तहरीर मामला दर्ज कर लिया है। दबंगों की बाइक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव बबुरारा निवासी कल्लन दीक्षित के आलू पैकेट फैजबाग स्थित शांति कोल्ड स्टोरेज में पड़े हैं। बुधवार देर शाम को कल्लन दीक्षित गांव के ही अपने साथी रामजीत धीमर के साथ बाइक से आलू के पैकेट निकालने आए। यहां ट्रैक्टर पर पहले आलू के पैकेट लदवाने को लेकर कल्लन दीक्षित का लोडिंग क्लर्क अवनीश कुमार निवासी अद्दूपुर से विवाद होने लगा।
आरोप है कि कल्लन दीक्षित गालीगलौज करने लगे। यह देख चौकीदार श्रीपाल निवासी नगला बख्तेरापुर कोतवाली कायमगंज ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत करने का प्रयास किया तो हमलावर उसे भी गालियां देने लगे। विरोध करने पर हमलावरों ने फायर झोंक दिया। इसमें श्रीपाल बाल-बाल बच गए। कोल्ड स्टोरेज में मौजूद लोगों ने हमलावरों को पकड़ने का प्रयास किया तो हमलावर फायरिंग करने लगे।
हमलावर फायरिंग करते हुए बाइक छोड़कर भाग गए। सूचना मिलने पर एसओ कुलदीप दीक्षित फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। श्रीपाल ने कल्लन दीक्षित और रामजीत धीमर के खिलाफ थाने में तहरीर दी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ जानलेवा हमले समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि हमलावरों को शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाएगा।