ट्रांसफर्मर पर धूल डालकर आग बुझाते लोग।
- फोटो : ट्रांसफर्मर पर धूल डालकर आग बुझाते लोग।
फर्रुखाबाद। शहर के मसेनी-कादरीगेट मार्ग पर शांतिनगर पजावा मोड़ पर रखे ट्रांसफार्मर में दोपहर करीब तीन बजे आग लग गई। तेज लपटें देखकर लोगों ने बिजली विभाग को सूचना दी। बमुश्किल आग बुझाई गई। ट्रांसफार्मर में आग लगने से करीब 300 घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
शांतिनगर पजावा मोड़ पर रखे ट्रांसफार्मर से पजावा गड्ढा में भी बिजली आपूर्ति होती है। गुरुवार शाम करीब तीन बजे मुख्यमार्ग के किनारे रखे ट्रांसफार्मर की केबलों में आग लग गई। कुछ ही देर में ट्रांसफार्मर भी जलने लगा। आसपास के लोगों ने सूचना उपकेंद्र पर दी। इसके बाद बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, लेकिन मौके पर कोई विभागीय अधिकारी कर्मचारी नहीं पहुंचा। मोहल्ले वालों ने धूल व बालू डालकर आग बुझाई। ट्रांसफार्मर व केबलों में आग की वजह से शांतिनगर पजावा, शांतिनगर गड्ढा के करीब 300 घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। देर रात तक मोहल्ले में अंधेरा घुप बना रहा।
लकूला बिजलीघर के अवर अभियंता अजय कुमार ने बताया कि आग लगने से केबल जल गए हैं। कर्मचारियों को लगाकर मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। रात 10 बजे तक आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है।