बदायूं-फर्रुखाबाद मार्ग पर गांव हमीरपुर के पास धू-धू कर जलता ट्रैक्टर। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : FARRUKHABAD
राजेपुर (फर्रुखाबाद)। बदायूं-फर्रुखाबाद मार्ग पर शार्ट सर्किट से ट्रैक्टर-ट्राली में आग लग गई। ट्रैक्टर की बैैटरी के तार खोलने के प्रयास में चालक व उसका भतीजा झुलस गया। ट्रैक्टर को आग का गोला बना देख चालक गश खाकर गिर पड़ा। आग की वजह से मार्ग पर यातायात ठप हो गया। लपटें उठती देख कोई आग बुझाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। सूचना के करीब 45 मिनट बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। लेकिन तब तक ट्रैक्टर पूरी तरह जल चुका था।
अमृतपुर थानाक्षेत्र के गांव रमपुरा निवासी सत्यवीर सिंह का ट्रैक्टर उनका छोटा भाई उदयवीर चलाता है। सोमवार सुबह वह सातनपुर मंडी में ट्रैक्टर-ट्राली से आलू लेकर गया था। वहां से वह आलू बेचकर ट्रैक्टर-ट्राली लेकर दोपहर को वापस घर जा रहा था। ट्रैक्टर पर उसके साथ उसका भतीजा सुमित पुत्र जयवीर और भाई लल्लू सिंह भी थे। बदायूं-फर्रुखाबाद मार्ग पर गांव हमीरपुर के पास पहुंचने पर ट्रैक्टर में लगी बैटरी के पास शार्ट सर्किट होने से चिंगारियां उठने लगीं। यह देख उदयवीर व सुमित ने बैटरी के तार खोलने का प्रयास किया। इससे दोनों के हाथ झुलस गए और ट्रैक्टर ने भी तब तक आग पकड़ ली।
धू-धू कर ट्रैक्टर जलता देख उदयवीर गश खाकर गिर पड़ा और बेहोश हो गया। भतीजे और भाई ने उसे संभाला तो कुछ देर बाद वह होश में आया । आग की लपटें उठती देख वहां भीड़ लग गई। पर कोई भी उसे बुझाने को पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। जानकारी मिलने थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। थानाध्यक्ष की सूचना पर करीब 45 मिनट बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची।
लेकिन तब तक ट्रैक्टर पूरी तरह जल चुका था। पर फायर ब्रिगेड कर्मियों ने ट्राली को जलने से बचा लिया। आग की लपटों की वजह से सड़क पर यातायात ठप हो गया था। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतरें लग गईं। करीब 30 मिनट बाद लपटें कुछ कम हुईं तब चालकों ने वहां से अपने वाहन गुजारने शुरू किए। थानाध्यक्ष जयंति प्रसाद गंगवार ने बताया कि फायर ब्रिगेड ने आने के बाद दस मिनट में आग पर काबू पा लिया। चालक व उसके भतीजे हाथ झुलसे हैं।
दो वर्ष पूर्व खरीदा था ट्रैक्टर
सत्यवीर ने दो वर्ष पूर्व नया ट्रैक्टर खरीदा था। उनका भाई उदयवीर ही ट्रैक्टर चलाता था। ट्रैक्टर को धू-धू कर जलता देखकर उदयवीर को सदमा लगा है।