नगला वेग में झोपड़ी में आग लगने के बाद जला पड़ा सामान व खड़े ग्रामीण। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : FARRUKHABAD
नवाबगंज। दीपक से झोपड़ी में लगी आग से 25 हजार रुपये समेत घरेलू सामान जलकर राख हो गया। शोर सुनकर पहुंचे गांव के लोगों ने आग पर काबू पाया। आग में ग्रामीण का एक लाख से ज्यादा का नुकसान हो गया। लेखपाल ने मौके पर जाकर नुकसान का आंकलन किया है।
थाना क्षेत्र के गांव वेग निवासी ओमशरण यादव गुरुवार रात परिवार समेत झोपड़ी के अंदर सो रहे थे। रोशनी के लिए एक दीपक जल रहा था। रात में एक बजे दीपक गिरने से झोपड़ी में आग लग गई। आग की लपटे देख ओमशरण व परिवार के लोग शोर मचाते हुए बाहर निकले। आवाज सुनकर गांव के लोग आ गए। ग्रामीणों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से अनाज से लेकर कपड़े व 25 हजार रुपये भी जल गए। सूचना पर शुक्रवार को लेखपाल ने मौके पर जाकर नुकसान का आंकलन किया। ओमशरण यादव ने बताया कि उनका एक लाख से अधिक का आग से नुकसान हुआ है।