अमृतपुर। थाना क्षेत्र के गांव गूजरपुर में शनिवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में किराना की दुकान में आग लग गई। इससे करीब चार लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने पंपिंग सेट, सबमर्सिबल और हैंडपंप की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
गांव गूजरपुर निवासी अजय कुमार की गांव के बाहर बदायूं मार्ग पर किराना की दुकान है। रात करीब ढाई बजे दुकान से तेज धमाके की आवाज आई। आवाज सुनकर दुकानदार बाहर निकला तो दुकान में आग की लपटें उठती दिखाई दीं। शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और सबमर्सिबल, हैंडपंप व पंपिंग सेट चलाकर आग बुझाने में जुट गए। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। दुकानदार ने बताया कि आग से दुकान में रखा धनिया, रिफाइंड, बादाम, काजू, चिरौंजी, इलायची, माचिस, चीनी, गेहूं सहित अन्य किराना सामान जल गया। इसके अलावा दो फ्रीजर और कोल्ड ड्रिंक की बोतलें भी आग की भेंट चढ़ गईं। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।