कमालगंज (फर्रुखाबाद)। पान मसाला व कोल्ड ड्रिंक की बंद दुकान में रात में शार्ट सर्किट से आग लग गई। फ्रीजर, काउंटर समेत लाखों का सामान जल गया। सुबह धुआं उठता देख घटना की जानकारी हुई। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाई।
कस्बा के मोहल्ला अशोक नगर निवासी राहुल गुप्ता की मिठाई गली पुलिया पर पान मसाला, कोल्ड ड्रिंक आदि की दुकान है। शुक्रवार देर रात उसकी दुकान में शार्ट सर्किट से आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया।
शनिवार सुबह करीब छह बजे पड़ोसी ऋषि वर्मा सोकर उठे तो उन्हें जलने की बू लगी। उन्होंने घर से निकल कर देखा तो राहुल की दुकान से धुआं निकलता मिला। उसने घटना की जानकारी फोन पर राहुल को दी। कुछ ही देर में राहुल परिजन के साथ मौके पर पहुंचा।
उसने शटर उठाकर देखा तो अंदर सामान जला पड़ा था और आग जल रही थी। घटना की सूचना यूपी 112 पर दी गई। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच आग बुझानी शुरू की। करीब 40 मिनट बाद आग पर काबू पाया जा सका। राहुल ने बताया कि उसने बृहस्पतिवार देर रात दुकान बंद की थी। शुक्रवार को गणेश विसर्जन यात्रा के कारण दुकान नहीं खोली। वह लाइट काटना भूल गया था। (संवाद)