फोटो-33 कर्बला के सामने खड़़ी सीओ सिटी और अन्य अधिकारी। स्रोत: जागरूक पाठक
फर्रुखाबाद। चिलसरा रोड स्थित कर्बला में अराजकतत्वों की ओर से आग लगाने और कब्र में तोड़फोड़ के बाद रात में फिर से आग धधक गई। सुबह धुआं उठने पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया। कच्ची दीवारों में फंसे लकड़ी के बीमों को जेसीबी से निकाला गया। सीओ सिटी, एएसपी और एडीएम मुस्तैद रहे। डीएम और एसपी ने भी जायजा लिया।
शुक्रवार सुबह फिर से छतों पर लगे लकड़ी के बीम में आग धधकने लगी। इसकी सूचना पर सेक्रेटरी सारिफ रिजवी ने अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद पहुंची दमकल की गाड़ी ने आग बुझाना शुरू किया। कुछ ही देर में सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय समेत एडीएम व एएसपी भी मौके पर पहुंचे। सेक्रेटरी की सूचना पर तहसीलदार की ओर से एक जेसीबी भेजकर कच्ची दीवारों में फंसी लकड़ी के बीमों को बाहर निकालकर उसकी आग बुझाई गई। दोपहर में डीएम आशुतोष कुमार द्विवेदी और एसपी आरती सिंह भी पहुंचीं। दोनों अधिकारी कार से बिना उतरे ही वापस चले गए। एसओजी ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। फिलहाल पुलिस आग लगाने और तोड़फोड़ करने वालों तक नहीं पहुंच सकी है।