संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। एएसपी ने फतेहगढ़ कोतवाल को लोक निर्माण विभाग में तैनात लिपिक पत्नी व उसकी मां पर फायर करने में दरोगा पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। इसके बाद भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
कुटरा कालोनी निवासी रेखा लोक निर्माण विभाग में लिपिक हैं। रेखा ने मोहम्मदाबाद कोतवाली के गांव पखना निवासी युवक से विवाह किया था। युवक दरोगा है और लखनऊ के थाना विकास नगर में तैनात है। आरोप है कि दरोगा व उसके परिवार के लोग दहेज के लिए रेखा को प्रताड़ित करने लगे। 6 नवंबर को दरोगा ने रेखा का गला दबाने का प्रयास किया।
इस पर मां व उसके परिवार के लोग मायके बुला लाए। 29 दिसंबर को दरोगा पति रेखा के घर आया और गालीगलौज कर सरकारी पिस्टल से रेखा व उसकी मां पर जानलेवा फायर कर दिया। आईजीआरएस पर शिकायत की गई। जांचकर्ता दरोगा ने मनमाने तरीके से दरोगा को बचाने के लिए रिपोर्ट लगा दी थी। रेेखा ने इस मामले में 18 जनवरी को एएसपी अजय प्रताप को प्रार्थना पत्र दिया। एएसपी ने फतेहगढ़ कोतवाल को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। इसके बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। कोतवाल जयप्रकाश पाल ने बताया कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।