संवाद न्यूज एजेंसी
कंपिल। जमीन के बंटवारे को लेकर परिवार के दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इसमें दोनों ओर से सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों का मेडिकल करवाकर जवाबी रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव खजुन्ना निवासी सत्य प्रकाश व धर्मपाल में जमीन के बंटवारे को लेकर रविवार शाम झगड़ा हो गया। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी डंडे चले। इसमें सत्य प्रकाश की ओर से ओम प्रकाश, सत्य प्रकाश व नीलम और धर्मपाल के पक्ष से रिंकी, महारानी, धर्मपाल, विपिन घायल हो गए। सत्य प्रकाश ने धर्मपाल, नीरज, विपिन, महारानी पत्नी धर्मपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। दूसरे पक्ष से नीरज ने सत्य प्रकाश, ओम प्रकाश, बृजबहादुर, प्रदीप के खिलाफ मारपीट व जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज कराया है।
फर्जी बैनामा कराने में चार के खिलाफ रिपोर्ट
कंपिल। गांव दारापुर निवासी रामबाबू प्रजापति ने गांव के ही विमल कुमार यादव, पूरन खां व दो अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी व गाली-गलौज कर जान माल की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें आरोप लगाया कि इन लोगों ने फर्जी दस्तावेज तैैयार कर भतीजे से 9 मई को जमीन का बैनामा करवा लिया। जानकारी होने पर एतराज जताने पर इन लोगों ने जान से मारने की धमकी दी है।
जुआ खेलते चार गिरफ्तार
नवाबगंज। थाना पुलिस ने कस्बा के पास जुआ खेलते हुए दिनेश कुमार, किशन कुमार, महेश कुमार, कौशल किशोर को पकड़ लिया। इनके पास नकदी बरामद की गई।
मासूम बच्चे को लगा करंट
कायमगंज। कंपिल क्षेत्र के गांव सिवारा निवासी जितेंद्र का डेढ़ वर्षीय पुत्र आरुष खेलते-खेलते पंखे के पास पहुंच गया। पंखे को छूने से उसे करंट लग गया। परिजन उसे सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां से लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।