कमालगंज। एक दिन पूर्व बच्चों के बीच हुआ विवाद बड़ों तक पहुंच गया। गाली-गलौज को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। लाठी-डंडे व ईंट-पत्थर चलने से 11 लोगों के चोट आई। दो लोगों की हालत गंभीर होने पर उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर निवासी मेराज की पुत्री तैयबा का विवाद रविवार शाम पड़ोसी मुस्ताक की पुत्री आमरीन से हो गया था। मेराज की पत्नी मेहनाज ने शाम को थाने पहुंचकर शाहबाज, मुस्ताक, रीना व शबा के खिलाफ मारपीट की एनसीआर दर्ज कराई।
सोमवार सुबह करीब 8 बजे दोनों पक्षों के बीच गाली गलौज को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला तूल पकड़ गया और मारपीट होने लगी। यहां जमकर लाठी डंडे व ईंट-पत्थर चले। इस दौरान करीब 11 लोगों को चोटें आई।
एक पक्ष से मेराज (35), मेहनाज (30), रुखसार (25), इंतजार (26), मैहनवाज (13), नेहाल (18), आमना (24), शाकिर (18) व दूसरे पक्ष से तरन्नू (40), फलक (17) व रीना (36) घायल अवस्था में थाने पहुंचे। यहां दोनों पक्षों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
थानाध्यक्ष राजेश राय ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। यहां उपचार के दौरान मेहनाज व शाकिर की हालात में गंभीर देख लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। इंतजार ने फैयाज, इखलाक, मुस्ताक व शाहिद हसन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। थानाध्यक्ष राजेश राय ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। एक पक्ष की ओर से मिली तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।