घटना की जानकारी करते शहर कोतवाल।
- फोटो : FARRUKHABAD
भाजयुमो जिला महामंत्री के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग
फर्रुखाबाद। चचेरे भाई से मामूली विवाद के बाद भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री के घर दबंगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सूचना मिलते ही कोतवाल पुलिस बल के साथ पहुंचे। इस पर हमलावर भाग गए। कुछ देर बाद एक आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया। मोहल्ले में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
मोहल्ला खतराना निवासी भाजपा युवा मोर्चा जिला महामंत्री अंकुर मिश्रा पुत्र ओमनरायन मिश्रा के चचेरे भाई से कुछ युवकों का विवाद हो गया था। रविवार दिन में यह मामला बातचीत में निपटा दिया गया था। बताते हैं कि रात करीब सात बजे कई युवक अंकुर के मकान के बाहर पहुंचे और गालियां देने लगे। परिजन बाहर निकले, तो दबंगों ने फायरिंग शुरू कर दी।
इस पर परिजन गेट बंद करके दुबक गए। दबंगों ने करीब 15 मिनट तक जमकर गालीगलौज और कई राउंड गोलियां चलाईं। सूचना मिलते ही कोतवाल वेदप्रकाश पांडेय, तिकोना चौकी प्रभारी दीपक त्रिवेदी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया। इससे पहले ही दबंग फरार हो गए।
कोतवाल अंकुर और उनके पिता से बातचीत कर ही रहे थे कि किसी ने सूचना दी कि मोहल्ले में ही एक आरोपी खड़ा है। कोतवाल ने पुलिस भेजकर उसे पकड़वा लिया । कोतवाल वेदप्रकाश पांडेय ने बताया कि फायरिंग हुई है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर दबंगों को गिरफ्तार किया जाएगा।