विकास भवन सभागार में बैठक लेते डीएम अनुराग पटेल।
- फोटो : अमर उजाला
विकास भवन सभागार में विकास कार्यों की हुई समीक्षा में कई अधिकारी फेल हो गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए काम पूरा कराने की चेतावनी दी। उन्होंने आलू विकास अधिकारी और श्रम विभाग के उपायुक्त के बैठक से नदारद रहने और विकलांग, वृद्धावस्था, समाजवादी पेंशन में लापरवाही बरतने के मामले में मोहम्मदाबाद ब्लाक के बीडीओ का वेतन रोक दिया है। इनको नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण देने के आदेश दिए हैं।
रविवार को जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने विकास कार्यों की समीक्षा की। माइक्रो कामधेनु योजना के तहत 20 इकाईयों को क्रियाशील करने का लक्ष्य था। लेकिन अभी तक सात इकाइयां लोन स्वीकृत होने के कारण चालू हो सकी। इसको लेकर डीएम ने एलडीएम को हिदायत देते हुए कहा कि जिन पात्रों की पत्रावलियां बैंक में लंबित है। उनका लोन तत्काल स्वीकृत कराया जाए। राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना के तहत काम न होने पर एक्सईएन विद्युत ग्रामीण को चेतावनी देते हुए विद्युतीकरण के निर्देश दिए।
गर्मी के मौसम में ट्रांसफार्मर फुंकने पर 72 घंटे में बदलने का शासनादेश है। मगर ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाते है। इसकी समीक्षा करने की जिम्मेदारी जिलाधिकारी ने सीडीओ को सौंपी है। डीएम ने सीडीओ से कहा कि वह रोजगार सेवक और ग्राम पंचायत अधिकारी से ट्रांसफार्मरों के फुंकने और बदले जाने के संबंध में स्थिति की जानकारी करें। अगर लापरवाही बरती जा रही तो कार्रवाई की जाए। डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक को माडल स्कूल रोशनाबाद को जुलाई माह से शुरू कराने के निर्देश दिए है।
मोहम्मदाबाद की बीडीओ विकालंग, वृद्धावस्था एवं समाजवादी पेंशन के आवेदन पत्रों के सत्यापन में दिलचस्पी नहीं ले रहे है। अगर आवेदनों का सत्यापन नहीं कराते है तो बीडीओ को प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाए। आरईएस के एक्सईएन आरके गुप्ता के पास कन्नौज और फर्रुखाबाद जिले का चार्ज है। वह फर्रुखाबाद में नहीं बैठते है। इस कारण डीएम ने एक्सईएन को हिदायत देते हुए कहा कि अगर दो दिन कार्यालय में नही बैठते है तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
डीआरडीए के परियाजना निदेशक डा डीआर विश्वकर्मा को 130 तालाबों का जीर्णोंद्धार कराने और मनरेगा योजना के तहत मजूदरों को काम दिलाने के निर्देश दिए। डीपीआरओ गिरीश कुमार को गंगा किनारे गांवों में शौचालयों का निर्माण कराने को कहा। कंपिल निवासी जल निगम के आपरेटर नरेश चंद्र सक्सेना अपनी पत्नी और तीन बेटियों को फर्जी तरीके से विकलांग पेंशन दिला रहे हैं।
डीएम ने समाज कल्याण अधिकारी और नलकूप अभियंता को पेंशन की धनराशि वसूलने और आपरेटर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान विभागीय अधिकारी मोजूद रहे।