फोटो-20 जहानगंज थाने में पिता का हत्यारोपी अमन। स्रोत: पुलिस
कमालगंज(फर्रुखाबाद)। आलू खोदने के लिए खेत में गए किसान की हत्या के मामले का पुलिस ने पांच दिन बाद खुलासा कर दिया है। चाचा को जमीन न लिख दें, इसलिए इकलौते पुत्र ने ही पिता की डंडे से हमला कर हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल किए गए डंडे को बरामद कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। किसान का उसकी पत्नी व पुत्र से मनमुटाव रहता था।
जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव बेहटा निवासी नेसके उर्फ सुनील कुमार (52) शुक्रवार सुबह घर से दो किलोमीटर दूर स्थित काली नदी के किनारे खेत पर आलू खोदने के लिए गया था। वहां उसकी हत्या कर दी गई थी। कुछ देर बाद खेत पर पहुंचे अनिल कुमार ने भाई का शव पड़ा देख सूचना दी थी। पुलिस ने पुत्र अमन की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। बृहस्पतिवार को मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन में पुत्र का नाम सामने आया। थानाध्यक्ष राजेश राय ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने सच उगल दिया।
अमन ने बताया कि पिता उससे व मां उमा देवी से अलग चाचा अनिल कुमार के साथ रहते थे। खेती से होने वाली कमाई वह चाचा को ही देते थे। उसकी शादी के संबंध में आने वाले लोगों से पिता स्पष्ट कह देते थे कि उनका पत्नी व पुत्र से कोई वास्ता नहीं है। इससे उसकी शादी भी नहीं हो पा रही थी। ऐसे में उसे आशंका थी कि पिता उसके हिस्से की जमीन चाचा व चचेरे भाई को लिख देंगे। इसके चलते कुछ दिन पूर्व ही पिता की हत्या की योजना बनाई थी। उसने खेत पर दो दिनों से पिता को अकेला जाते देखा था। इसके चलते शुक्रवार को पिता के घर से निकलने कुछ देर बाद वह बाइक से पीछे से खेत में पहुंच गया। वहां आलू खोदने के दौरान डंडे से हमला कर उनकी हत्या कर दी। डंडे को काली नदी के किनारे फेंक दिया था। गिरफ्तारी के बाद दोपहर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पुलिस ने आरोपी अमन का मेडिकल कराया।
-
पुत्र ने ही दर्ज कराई थी प्राथमिकी, अब होगी पत्नी वादी
एसएसपी अरुण कुमार ने बताया कि पुत्र ने पिता की हत्या को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। विवेचना में पुत्र ही पिता का हत्याराेपी निकला। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल डंडा बरामद कर लिया है। थानाध्यक्ष राजेश राय ने बताया कि वादी ही आरोपी पाया गया। अब सुनील की पत्नी को वादी बनाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।