शमसाबाद। फसल ठीक न होने और मंदी से परेशान एक और किसान ने मंगलवार देर रात तीन बीघा आलू की फसल जोतवा दी है। किसान का कहना है कि खोदाई करने में मजदूरी लगती इससे नुकसान और बढ़ जाता।
थाना क्षेत्र के गांव नगला नान निवासी किसान महेश चंद्र ने तीन बीघा खेत में अच्छी किस्म के बीज से आलू की फसल तैयार की थी। किसान को उम्मीद थी कि इस बार बेहतर पैदावार से अच्छा मुनाफा होगा लेकिन बाजार में आलू के कम दाम और खोदाई में बढ़ती मजदूरी ने उसकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इसके साथ ही फसल भी ठीक नहीं थी। अच्छा उत्पादन न होने की उम्मीद नहीं थी।
महेश चंद्र ने बताया कि आलू की खाेदाई में मजदूरों की लागत अधिक आ रही थी, जबकि मंडी में आलू का भाव इतना कम है कि लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा था। ऐसे में मजबूर होकर उन्होंने ट्रैक्टर से खड़ी आलू की फसल को ही जोत दिया।
वहीं किसान प्रवीण दुबे ने कहा कि इस समय आलू की कीमत इतनी गिर गई है कि आधी लागत भी निकल पाना संभव नहीं हो रहा है। बीज, खाद, सिंचाई और मजदूरी पर भारी खर्च के बावजूद किसानों को उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा। क्षेत्र के अन्य किसानों ने भी बताया कि यदि सरकार द्वारा समर्थन मूल्य या खरीद की व्यवस्था नहीं की गई तो किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।