फोटो-22 पुलिस हिरासत में बब्लू उर्फ डब्लू। स्रोत: स्थानीय पुलिस
कमालगंज। डेढ़ वर्षीय बच्ची की सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने के मामले की जांच में पिता ही हत्यारोपी निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। विपक्षियों को फंसाने के लिए पिता ने गला घोंट कर पुत्री की हत्या की थी। वहीं, मां ने चार लोगों पर ईंट पत्थर चलाने से बच्ची की मौत की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
थाना क्षेत्र के गांव गुगौरा निवासी बब्लू की डेढ़ वर्षीय पुत्री जिज्ञासा की सोमवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। बब्लू ने आरोप लगाया था कि पड़ोसियों द्वारा चलाए गए ईंट-पत्थर लगने से पुत्री की मौत हो गई थी। मां खुशबू देवी ने पड़ोसी बब्लू, सुरेंद्र, मंशाराम व अंकित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि इन लोगों से उसका नाली के पानी निकास को लेकर विवाद चल रहा है। इन लोगों ने रंजिश में ईंट-पत्थर चला दिए। पत्थर लगने से पुत्री जिज्ञासा की मौत हो गई।
विवेचना कर रहे भोजपुर चौकी प्रभारी अखिलेश कुमार ने शुक्रवार रात बच्ची के पिता बब्लू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में बब्लू ने बताया कि पुत्री का लंबे समय से इलाज चल रहा था। वह उसके इलाज से तंग आ गया था।
इसके अलावा 16 जुलाई को पवन कुमार ने उसके व भाइयों के खिलाफ मारपीट व धमकी देने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। वह भी विपक्षी को फंसाना चाहता था। इसी कारण उसने पुत्री की गला दबाकर हत्या कर दी थी। शनिवार दोपहर पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक रामसहाय सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबने से बच्ची की मौत का कारण स्पष्ट हुआ था। जांच के दौरान ईंट पत्थर चलाने की घटना गलत पाई गई। शक के आधार पर बब्लू से पूछताछ की गई तो उसने घटना स्वीकार कर ली। (संवाद)