फर्रुखाबाद। स्पोर्ट्स स्टेडियम फतेहगढ़ में शनिवार को हुए हाकी मैचों में फतेहगढ़ ने बहराइच और नार्दर्न रेलवे ने मुरादाबाद की टीम को सेमीफाइनल में हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मैच रविवार को खेला जाएगा।
फतेहगढ़ स्थित स्वर्गीय ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार को पहला मैच फतेहगढ़ और बहराइच की टीम के बीच हुआ। फतेहगढ़ की ओर से मलकीत सिंह ने एक गोल दागकर फाइनल में टीम को जगह दिला दी।
बहराइच की टीम कोई गोल नहीं कर सकी। वहीं स्टेडियम में खेले गए दूसरे मैच में नार्दर्न रेलवे लखनऊ की टीम ने एकतरफा खेल दिखाते हुए मुरादाबाद की टीम को 4-1 से मात दी। लखनऊ की ओर से विवेक धर ने दो, रंजीत सिंह और विजय किशोर ने 1-1 गोल किया।
टूर्नामेंट के संयोजक कलाम आजाद सिद्दीकी ने बताया कि फाइनल मैच रविवार दोपहर एक बजे से खेला जाएगा। पहले सेमीफाइनल मैच में अच्छा प्रदर्शन करने पर फुरकान कुरैशी और दूसरे मैच के हीरो रहे विवेक धर को मैन आफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। मैच में निर्णायक की भूमिका इमरान मंसूरी और मुमताज हुसैन ने निभाई। स्कोरिंग कलीम अहमद और एजाज ने की।