सीएमओ आफिस में दो दिन पहले हुए बवाल के बाद आंदोलनकारियों ने सोमवार को
एसपी से मिलकर फतेहगढ़ कोतवाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की गुहार लगाई।
कुछ दिन पहले शहर के बाग लकूला निवासी विमल शाक्य की पत्नी और बच्चे की
प्रसव के बाद माया अस्पताल में मौत हो गई थी। इसकी शिकायत पर तत्कालीन डीएम
ने जांच कमेटी बनाई। कमेटी ने इलाज
में लापरवाही होने से मौत होने की
रिपोर्ट दी। आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने इस रिपोर्ट में
हेराफेरी कर बदल दिया था। इसको लेकर विमल के परिवार के लोग कलेक्ट्रेट
सभागार में धरना प्रदर्शन कर रहे थे। शनिवार को विमल की साली रूपा पुत्री
देव सिंह परिवार के अन्य लोगों के साथ सीएमओ आफिस वार्ता करने गए थे। वहां
फतेहगढ़ कोतवाल अनूप तिवारी
फोर्स के साथ खड़े थे। अनूप तिवारी ने रूपा और
अन्य महिलाओं को रोक लिया। आरोप है कि अनूप तिवारी ने रूपा को गाली गलौज कर
अभद्रता कर दी। इसको लेकर महिलाओं की नोंकझोंक हो गई थी। अनूप तिवारी के
खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के
लिए सोमवार को रूपा और परिवार के अन्य लोग
एसपी आफिस जा पहुंचे। यहां पर आंदोलनकारियों ने अनूप तिवारी के खिलाफ
नारेबाजी की। पीड़ित परिवार ने एसपी से मिल कर अनूप तिवारी का वीडियो दिया।
परिजनों ने एसपी से कोतवाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर निलंबित करने की मांग
की है। एसपी ने सीओ सिटी को मामले की जांच के आदेश दिए।