फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Farrukhabad News: फर्रुखाबाद के ले. जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी चुनेंगे श्रीराम मंदिर का नया सीईओ

विज्ञापन
विज्ञापन
फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ के भोलेपुर निवासी लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) विष्णुकांत चतुर्वेदी को अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के चयन की जिम्मेदारी मिलने से जिले में खुशी का माहौल है। श्रीराम जन्मभूमि से जुड़े इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए गठित तीन सदस्यीय चयन समिति में उनका नाम शामिल होने पर परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने मिठाई बांटकर खुशी जताई।
विज्ञापन

सेना में डायरेक्टर मैनपावर प्लानिंग एंड पर्सनल सर्विसेज के पद से 31 मई 2011 को सेवानिवृत्त हुए ले. जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी वर्तमान में नोएडा के सेक्टर-82 स्थित विवेक विहार में परिवार के साथ रह रहे हैं। वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भूतपूर्व सैनिक सेवा परिषद के अखिल भारतीय अध्यक्ष भी हैं। इससे पहले भारतीय स्टेट बैंक में सलाहकार के रूप में सेवाएं देने के साथ कई शिक्षण संस्थानों में अध्यापन कार्य भी कर चुके हैं। भोलेपुर स्थित आवास पर उनके चचेरे भाई विवेक चतुर्वेदी उर्फ डब्बू ने बताया कि विष्णुकांत चतुर्वेदी की भगवान हनुमान के प्रति गहरी आस्था है। जब भी वह भोलेपुर आते हैं, मोहल्ले के बड़े हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन अवश्य करते हैं। मई के पहले सप्ताह में भी वह अपने पैतृक आवास पर आए थे और जुलाई के अंत में दोबारा आने की बात कहकर गए हैं। परिवार में उनकी पत्नी मृदुला चतुर्वेदी, बेटी शुभ्रा चतुर्वेदी, शिल्पी चतुर्वेदी व पुत्र वरुण चतुर्वेदी हैं। पैतृक आवास पर आने के दौरान वह मोहल्ले के लोगों से मिलकर उनका हालचाल लेना नहीं भूलते।
ले. जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी का जन्म कासगंज में हुआ। पिता रेलवे सेवा में थे और सेवानिवृत्ति के बाद फतेहगढ़ में बस गए। प्रारंभिक शिक्षा रेलवे स्कूल तथा म्युनिसिपल इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ में हुई। बाद में उन्होंने सैनिक स्कूल, लखनऊ से शिक्षा प्राप्त की और राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए), खड़कवासला से प्रशिक्षण लेकर वर्ष 1970 में भारतीय सेना में अधिकारी बने। देश के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने वाले विष्णुकांत चतुर्वेदी को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए दो बार राष्ट्रपति सम्मान से भी नवाजा जा चुका है।
विज्ञापन

सोमवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की हुई बैठक में तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया। समिति में सिक्किम उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रह चुके सेवानिवृत्त न्यायाधीश प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) विष्णुकांत चतुर्वेदी और सुरेश हावड़े को शामिल किया गया है। सुरेश हावड़े महाराष्ट्र के एक प्रमुख उद्योगपति और परमाणु वैज्ञानिक हैं। वह शिरडी के साईं मंदिर के व्यवस्थापक रहे हैं। समिति योग्य नामों का चयन कर अपनी सिफारिश देगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें