पांडवेश्वर नाथ मंदिर में दर्शन करने को लगी लाइन। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। सावन के दूसरे सोमवार को शिवालय भोलेनाथ के जयकारों से गूंजते रहे। भक्तों ने बाबा का अभिषेक कर भजन कीर्तनों पर नृत्य किया। पांचाल घाट पर दिन भर गंगा स्नान के बाद भक्तजन शिवालयों की ओर रवाना होते रहे।
सोमवार सुबह शहर के प्रसिद्ध शिव मंदिरों में रेलवे रोड स्थित पांडवेश्वर नाथ शिवालय में लंबी कतारें लगी रहीं। सात बजे मुख्यमार्ग पर भी भक्तों को खड़ा होना पड़ा। लाइन में लगकर करीब एक घंटे बाद ही जलाभिषेक का नंबर आया। भक्तजन बाबा का बेलपत्र, धतूरा, भांग, फल, शहद, दूध, दही आदि से अभिषेक करते रहे। अन्य शिव मंदिरों में भी भक्तों की खासी भीड़ रही। सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहे।
शाम को बाबा का फूलों से शृंगार किया गया। मंदिर पर लगी रंगबिरंगी लाइटें आकर्षित कर रहीं थीं। बाबा का भव्य रूप देखने बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ मंदिर पहुंचे। परिसर में ओम नम: शिवाय और महामृत्युंजय मंत्र का जाप चलता रहा।
सावन में दो त्रयोदशी पड़ रही हैं। इनका भी अलग महत्व है। मंगलवार को त्रयोदशी होने से बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़िए पांचाल घाट पर गंगा में स्नान कर कांवड़ लेकर शिवालयों की ओर रवाना हुए। यहां सुरक्षा के लिए पुलिस मुस्तैद रही।
शहर के पांडवेश्वर नाथ मंदिर में जल चढ़ातीं महिलाएं। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD