फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती दुष्कर्म के प्रयास के आरोपी ने हाथों की नस काट लीं। इससे हड़कंप मच गया। अस्पताल स्टाफ ने उसका इलाज किया। वार्ड से छुरी बरामद कर पुलिस और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
कमालगंज थाने के गांव खुदागंज के ठाकुर मोहल्ला निवासी सोनू ठाकुर (35) पर चार दिन पूर्व दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया था। बुधवार दोपहर दो बजे उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद इमरजेंसी पुरुष वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया।
शाम करीब साढ़े पांच बजे सोनू वार्ड के ही बाथरूम में गया। उसने वहीं अपने सीधे हाथ की नशें काट लीं। लहूलुहान हालत में चीखता हुआ बाहर निकला, तो वार्ड के स्टाफ में हड़कंप मच गया। मौके पर डाक्टर ने पहुंचकर उसका इलाज किया। मौके पर मिली छुरी बरामद कर पुलिस को सूचना दी गई।
फिलहाल उसका इलाज किया जा रहा है। सोनू ने आरोप लगाया कि उसके साथ अन्याय किया जा रहा है। पुलिस परेशान कर रही है। झूठे मामले में फंसा रही है, जबकि उसका कोई दोष नहीं है। अस्पताल प्रशासन ने परिजनों को भी सूचना दे दी है।