फर्रुखाबाद। तलैया लेन मोहल्ले के लोगों ने शराब का ठेका खोले जाने के विरोध में डीएम को ज्ञापन देने के बाद घरों के बाहर मकान बिकाऊ के पोस्टर लगा दिए हैं। कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तलैया लेन महात्मा रामचंद्र मार्ग निवासी अवधेश दीक्षित, राहुल दीक्षित, सोनू कुदेशिया, अशोक दीक्षित की अगुवाई में बड़ी संख्या में लोग डीएम संजय सिंह से मिलने पहुंचे। मोहल्ले के लोगों ने डीएम को ज्ञापन दिया। बताया कि सूफी संत महात्मा रामचंद्र का मोहल्ले में निवास स्थान है। उनके निवास पर देश-विदेश से लोग आते रहते हैं।
गली में कोचिंग सेंटर हैं। इसमें दूूर दराज के छात्र-छात्राएं पढ़ने के लिए आते हैं। मोहल्ले में राजकीय दीक्षा बालिका स्कूल है। गली में शराब की दुकान खुलने जा रही है। शराब की दुकान खुलने से मोहल्ले में शरारती तत्वों का जमावड़ा लगेगा।
लोगों को आने-जाने में परेशानी होगी। इससे आए दिन घटनाएं होंगी। लोगों ने शराब ठेके को यहां से हटाने की मांग की। डीएम ने जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कही। मोहल्ले के लोगों ने दोपहर बाद घरों के बाहर मकान बिकाऊ के पोस्टर चस्पा कर दिए हैं। लोगों का कहना था कि शराब ठेका न हटा तो वह लोग आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।