फर्रुखाबाद। आईपीएल में सट्टेबाजी की सूचना पर पुलिस ने शुक्रवार देर रात दो स्थानों पर छापा मारकर 11 लोगों को गिरफ्तार किया। उनके दो साथी भाग गए। पकड़े गए लोगों के कब्जे से पुलिस ने 31,300 रुपये, 15 मोबाइल, एलईडी, लैपटॉप बरामद किए हैं।
शहर कोतवाली पुलिस ने एसओजी, सर्विलांस टीम के साथ अभियान चलाया। पक्कापुल रानी साहब की मस्जिद के पास रहने वाले अनुभव गुप्ता उर्फ दीपू के मकान पर छापा मारकर सट्टा होते पकड़ा।
यहां से हिमांशु उर्फ हैप्पी ठाकुर निवासी पक्का पुल, हेमंत उर्फ सोेनू पांडेय निवासी नुनहाई, अरशद निवासी सूफी खां कोे गिरफ्तार कर लिया। जबकि भीकमपुरा का नौशाद और नाला सिम्तसुमाल का सौदान सिंह भाग गया। पुलिस ने इनके पास 11,700 रुपये, चार मोबाइल बरामद कर लिए।
इसके अलावा, बढ़पुर में आदर्श कटियार के घर दबिश दी। यहां से नाला मछरट्टा निवासी राजेश शुक्ला, बढ़पुर के आदर्श कटियार, मोहल्ला अमीन खां के विनीत सक्सेना, आवास विकास के अमित अग्निहोत्री, बागकूंचा के राम शुक्ला, सिंहवाहिनी कालोनी के घनश्याम सिंह और बढ़पुर अनोखेलाला की गली निवासी राजेश श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया।
इनके पास से 19,600 रुपये, 11 मोबाइल, एक एलईडी टीवी, एक लैपटॉप बरामद किया। पुलिस ने आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों स्थानों से 31,300 रुपये बरामद हुए हैं। गिरफ्तार हिमांशु उर्फ हैप्पी ठाकुर पर पांच और भागे आरोपी सौदान पर तीन मुकदमे दर्ज हैं। जांच में पता चला है कि विनीत सक्सेना एक बीमा कंपनी में मैनेजर है। आदर्श कटियार मेडिकल स्टोर संचालक है। राम शुक्ला एक दवा कंपनी में मैनेजर है।