फर्रुखाबाद। भूमि को कब्जा मुक्त कराने के लिए सात वर्ष से भटक रहीं गांव महमूदापुर की शकरवती ने समाधान दिवस में डीएम से न्याय की गुहार लगाई। डीएम ने लेखपाल को जांच कर भूमि कब्जा मुक्त कराने के आदेश दिए तो शकरवती हाथ जोड़कर डीएम का अभिवादन करने लगीं। बोलीं, अब उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद है। डीएम व एसपी ने मऊदरवाजा व जहानगंज थाने में फरियादियों की समस्याओं को सुना।
मऊदरवाजा थाने में हुए समाधान दिवस में भाजपा सांसद मुकेश राजपूत, डीएम संजय कुमार सिंह, व एसपी अशोक कुमार मीणा पहुंचे। वहां गांव हरसिंहपुर कायस्थ निवासी राहुुल कुमार ने डीएम को प्रार्थना पत्र दिया। इसमें बताया कि गांव के दबंग लोग उसकी जमीन पर झोपड़ी डालकर कब्जा किए हैं। विरोध करने पर मारपीट करने की धमकी देते हैं।
गांव रूपपुर मंगली निवासी मदनपाल व रामकिशोर ने प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी पट्टे की भूमि पर दबंग कब्जा किए हैं। दोनों मामलों में डीएम ने राजस्व व पुलिस टीम को मौके पर भेजकर समस्या का निस्तारण करा दिया। दो अन्य मामलों मेें दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया।
जहानगंज में एसडीएम सदर संजय कुमार को पंतौजा के ग्रामीणों ने प्रार्थना पत्र दिया। कहा कि ग्राम समाज की जमीन पर एक स्कूल के संचालक ने दीवार खड़ी करवा दी है। गांव रतनपुर निवासी तारा सिंह ने गांव के ही ग्रामीण के खिलाफ ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा करने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया।