कंपिल। गांव पट्टी मदारी में तालाब की भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाए गए कंपिल चेयरमैन के आलीशान गेस्ट हाउस के बचे हिस्से को भी बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। एसडीएम ने कहा है कि अर्थदंड के साथ भूमि किराए का आंकलन कर चेयरमैन से वसूली की जाएगी।
गांव कमलाईपुर के मुकेश यादव की शिकायत पर जांच तहसील टीम ने अवैध कब्जे की जांच की थी। जांच में तालाब की भूमि पर कब्जा कर गेस्ट हाउस बनवाने के आरोप सही पाए गए थे। इसके बाद कंपिल चेयरमैन उदयपाल सिंह यादव के दो मंजिला आलीशान गेस्ट हाउस पर जिला प्रशासन ने शनिवार को बुलडोजर चलवा दिया था।
तीन घंटे की कार्रवाई में गेस्ट हाउस का आगे का हिस्सा ध्वस्त हो गया था, जबकि पीछे का हिस्सा बच गया था। मंगलवार को फिर एसडीएम गौरव शुक्ला टीम के साथ पहुंचे और उन्होंने कंपिल एसओ दिग्विजय सिंह को फोर्स के साथ बुला लिया।
एसडीएम ने गेस्ट हाउस के बचे हुए हिस्से का निरीक्षण किया। थोड़ी देर बाद नायब तहसीलदार सनी कनौजिया एक बुलडोजर के साथ पहुंच गए और गेस्ट हाउस के बचे हिस्से को गिरवा दिया। एसडीएम ने बताया कि क्षेत्र में किसी भी तालाब की भूमि पर कब्जा नहीं होने दिया जाएगा।
तालाब पर गेस्ट हाउस बनाने में पूर्व में ही तहसीलदार कोर्ट से चेयरमैन पर 57 हजार का अर्थदंड लगाया जा चुका है। भूमि किराए व ध्वस्तीकरण के खर्च के आकलन के बाद आरसी जारी कर चेयरमैन से वसूली होगी। शाम तक ध्वस्तीकरण का काम चलता रहा।