फर्रुखाबाद। कानपुर की ओर जा रही एक मालगाड़ी का इंजन फतेहगढ़ स्टेशन से आगे बढ़ते ही फेल हो गया। करीब डेढ़ घंटे बाद दूसरा इंजन लगाकर मालगाड़ी को रवाना किया गया। इस दौरान कानपुर जा रही पैसेंजर को फतेहगढ़ और कोलकाता से आगरा जा रही एक्सप्रेस ट्रेन को कमालगंज में रोकना पड़ा।
कासगंज से कानपुर की ओर जा रही मालगाड़ी को शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे फतेहगढ़ स्टेशन से रवाना किया गया। मालगाड़ी चंद दूर निकली थी कि उसका इंजन फेल हो गया। लिहाजा वह खड़ी हो गई। सूचना पर इंजन की तकनीकी दिक्कत दूर करने के लिए कुछ तकनीकी अधिकारी पहुंचे मगर सफलता नहीं मिली।
करीब डेढ़ घंटे बाद रिलीफ इंजन भेजकर गाड़ी को रवाना किया गया। इस दौरान कासगंज से कानपुर-अनवरगंज जा रही पैसेंजर ट्रेन को करीब 30 मिनट फतेहगढ़ स्टेशन पर रोका गया। यही नहीं उसी समय कोलकाता से आगरा जा रही एक्सप्रेस ट्रेन भी कमालगंज में खड़ी हो गई।
यह ट्रेन एक घंटे तक कमालगंज में ही खड़ी रही। ट्रेन में फंसे यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इज्जत नगर मंडल के पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि कुछ तकनीकी कमी की वजह से मालगाड़ी खड़ी हो गई थी, दूसरा इंजन लगाकर रवाना कर दिया गया था।