कायमगंज। तहसील कायमगंज में तैनात नायब नाजिर का रिश्वत मांगने का वीडियो वायरल हुआ है। इसमें वह कह रहा है कि एसडीएम का पेट मोटा है, 40 पैसे भी कम नहीं होंगे। वीडियो देखने के बाद जिलाधिकारी ने नायब नाजिर को निलंबित कर दिया है।
सोमवार को वायरल वीडियो में नायब नाजिर/प्रभारी राजस्व लिपिक श्रवण कुमार एक व्यक्ति से 40 हजार रुपये रिश्वत मांग रहा है। इसमें श्रवण कुमार कह रहा है कि चार लोगों की फाइलों के 40 हजार रुपये देने होंगे। यह बात एसडीएम को नहीं बताएंगे, उनका पेट मोटा और लंबा है।
काम करवाने के लिए आधे रुपये आज देने होंगे और आधे कल। परसों एसडीएम के पास फाइल दिखाई देगी। इसमें 40 पैसे भी कम नहीं होंगे। इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जो अधिकारियों तक पहुंचा।
पता चला है कि तहसील कायमगंज में खुलेआम रिश्वत का खेल चल रहा है। हर काम के रेट निर्धारित हैं। बिना रुपये लिए कर्मचारी कोई काम नहीं करते हैं और लोगों को टरकाते रहते हैैं। जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने वीडियो देखने के बाद नायब नाजिर श्रवण कुमार को निलंबित करके उसे एसडीएम कायमगंज के कार्यालय से संबद्ध कर दिया। उन्होंने तहसील अमृतपुर के एसडीएम को जांच सौंपी है। नायब नाजिर के निलंबित होने की जानकारी से तहसील कायमगंज के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।