शमसाबाद। लापता युवक दोस्त के साथ मिलने पर उसे देखने पहुंचे रिश्तेदार रात में थाने में बाइक खड़ी कर पुलिस कर्मी को चाबी देकर चले गए। दूसरे दिन बाइक की चाबी देने से दीवान ने मना कर दिया। इसकी जानकारी पर थाने पहुंचे पूर्व चेयरमैन भाजपा नेता की दीवान से नोकझोंक हो गई। उन्होंने दीवान पर रुपये मांगने का आरोप लगाकर एसपी से शिकायत की।
गांव अलेपुर निवासी मुकेश कुमार का पुत्र सुनील कुमार (18) रविवार को घर से बहन के घर जाने की बात कहकर गया था। वह लौट कर नहीं आया। परिजन उसकी खोज करते रहे, लेकिन उसको पता नहीं चला। पिता ने सोमवार को पुत्र की गुमशुदगी दर्ज कराई। मोबाइल के लोकेशन से पुलिस ने कंपिल में दोस्तों के साथ घूमते हुए युवक को खोज लिया और थाने ले आए। युवक की तलाश कर रहे अलियापुर निवासी उसके रिश्तेदार जगराम भी जानकारी मिलने पर बाइक से थाने पहुंच गए। तभी युवक के परिजन कार से थाने पहुंच गए। एसओ ने युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
जगराम ने बाइक थाने में खड़ी कर चाबी सिपाही को देकर कार से मुकेश साथ कार से घर चले गए। मंगलवार को जगराम बाइक लेने थाने पहुंचे। उन्होंने चाबी मांगी तो दीवान ने आरसी दिखाने को कहा। इसको लेकर नोकझोंक होने लगी। इसकी जानकारी पर पूर्व चेयरमैन भाजपा नेता विजय गुप्ता थाने पहुंचे। उनकी भी दीवान से नोकझोंक हो गई। पूर्व चेयरमैन ने दीवान द्वारा रुपये मांगे जाने की एसपी से शिकायत की। इसके बाद चाबी दे दी गई। इसके बाद मामला शांत हो गया।