लोहिया अस्पताल में घायलों को देखतीं एसडीएम प्रीती तिवारी। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
राजेपुर। सवारियां लेकर रेलवे स्टेशन जा रहे टेंपो में वाहन ने टक्कर मार दी। दंपति समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को लोहिया अस्पताल लाया गया। वहां एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया। तीन लोगों का इलाज चल रहा है।
शाहजहांपुर के अल्हागंज थाने के गांव जाटव गौंटिया इस्लामगंज निवासी रामसागर की ससुराल दिल्ली में है। वह पत्नी दुर्गा देवी और भतीजे तेजपाल (35) के साथ गांव के ही गुड्डू के टेंपो से स्टेशन जा रहा था। चाचूपुर मोेड़ के पास अज्ञात वाहन ने टेंपो में टक्कर मार दी। इसमें चालक समेत चारों लोग घायल हो गए। वहां से गुजर रही अमृतपुर एसडीएम प्रीति तिवारी ने अपनी देखरेख में घायलों को लोहिया अस्पताल पहुंचाया। यहां तेजपाल को मृत घोषित कर दिया गया। महिला की हालत गंभीर होने पर रेफर किया गया।
तेजपाल चार भाइयों में बड़ा था। छोटे सर्वेश, संजू और दीपू हैं। तीन बहनें भी हैं। पत्नी पूनम और मां श्रीदेवी का रो-रो कर बुरा हाल है। उसके कोई बच्चे नहीं हैं। शव मोर्चुरी में रखवा दिया गया है।