फर्रुखाबाद। जनपद के सभी ब्लॉक कार्यालयों में शनिवार को गरीब कल्याण दिवस पर समारोह आयोजित कर लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। ब्लाक बढ़पुर में भाजपा सांसद व जिलाधिकारी ने कार्यक्रम का शुभारंभ कर पात्रों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया।
बढ़पुर ब्लाक कार्यालय परिसर में जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह व सांसद मुकेश राजपूत ने दीप प्रज्ज्वलित गरीब कल्याण मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने गर्भवती महिला की गोदभराई की, बच्चों का अन्नप्राशन कराया। सभी विभागों के लगी प्रदर्शनी देखकर स्टालों पर योजनाओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने कहा कि पं.दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर गरीब कल्याण के उद्देश्य से कार्यक्रम हो रहा है। अधिकारियों द्वारा सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इससे जागरूक होकर पात्र लाभ ले सकें। इस दौरान सांसद व जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास के लाभार्थियों को चाबी व स्वीकृति पत्र, माटीकला लाभार्थियों को विद्युत चलित चाक मशीन वितरित की। जिला विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार पाठक, बीडीओ भारत प्रसाद आदि मौजूद रहे।
मोहम्मदाबाद प्रतिनिधि के अनुसार ब्लॉक परिसर में आयोजित कार्यक्रम का भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने पं.दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर शुभारंभ किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास के लाभार्थी अलावलपुर निवासी प्रीति, रामश्री व रामधनी को आवासों की चाबी सौंपी। जबकि आवास व उज्ज्वला योजना में चयनित लाभार्थियों को स्वीकृतिपत्र दिए। नगला गेरुआ की महिला श्रमिकों को जॉब कार्ड, किसानों को अनुदान में कृषि उपकरण के अलावा सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। जिला पूर्ति अधिकारी जीवेश कुमार मौर्य, खंड विकास अधिकारी श्रीप्रकाश उपाध्याय, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बलाभारती आदि मौजूद रहे।
राजेपुर प्रतिनिधि के अनुसार ब्लॉक में अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य ने शुभारंभ कर लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने आवास के 20 लाभार्थियों को चाबी तथा प्रमाण पत्र दिए। इसके अलावा 12 लाभार्थियों को विद्युत चलित चाक दिए गए। सभी विभागों के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र देकर सम्म्मानित किया गया। ब्लाक प्रमुख पल्लव सोमवंशी, पीडी राजमणि वर्मा, बीडीओ गगनदीप सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्र जौहर, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ प्रमित राजपूत, एडीओ अजीत पाठक आदि मौजूद रहे।
नवाबगंज प्रतिनिधि के अनुसार ब्लॉक परिसर में आयोजित गरीब कल्याण दिवस समारोह का मुख्य विकास अधिकारी एम. अरून्मोली व भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया। बीडीओ कौशल कुमार गुप्ता ने योजनाओं का लाभ लेने के लिए लोगों को जागरक किया। इस दौरान 20 लाभार्थियो को निशुल्क राशन, उज्ज्वला योजना के नि:शुल्क 20 गैस कनेक्शन, 20 राशन कार्ड, 10 को शौचालय व प्रधानमंत्री आवास के 15 लाभार्थियों को प्रमाणपत्र व स्वीकृतपत्र दिए। तहसीलदर न्याययिक भूपाल सिंह, सीवीओ डॉ.राजकिशोरसिंह, बीईओ संजय शुक्ला, डॉ.अमित अग्रवाल, सीडीपीओ मानवेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।