कमालगंज। भाजपा विधायक नागेंद्र सिंह की गोद ली सीएचसी बीमार है। यहां के डॉक्टर व कर्मचारी लापता रहते हैं और मशीनें भी खराब पड़ी हैं। गुरुवार को निरीक्षण पर गए सीएमओ को 28 स्वास्थ्यकर्मी गैर हाजिर मिले थे और शुक्रवार को विधायक को ओपीडी में डॉक्टर नहीं मिले। अस्पताल की समस्याओं की जानकारी न देेने पर विधायक ने प्रभारी चिकित्साधिकारी से नाराजगी जताई।
भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने कमालगंज सीएचसी को गोद ले रखा है। शुक्रवार सुबह वह नगर पंचायत अध्यक्ष प्रीति माहेश्वरी के पति तरुण माहेश्वरी और विस्तारक विवेक के साथ प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर अस्पताल में मरीजों को फल बांटने गए थे।
कोरोना जांच काउंटर पर जानकारी लेने के बाद विधायक ओपीडी में पहुंचे। एक महिला चिकित्सक के अलावा अन्य डॉक्टरों की ओपीडी बंद थी। इसी बीच प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सोमेश अग्निहोत्री पहुंच गए। चैनल के पास वार्ड में भर्ती मरीजों को फल देकर हाल जाना। फिर ऊपर के वार्ड में भर्ती सिंधौली की आशा व मरीजों को फल दिए। इसके बाद विधायक पैथोलॉजी पहुंचे और वहां मौजूद महिला लैब टेक्नीशियन से पूछा कि प्लेटलेट्स कैसे काउंट की जाती है। टेक्नीशियन ने सीबीसी मशीन खराब होने की जानकारी दी।
लैब टेक्नीशियन राजीव कटियार ने बताया कि मशीन लखनऊ की फर्म ठीक कराती है, सूचना भेज दी गई है। विधायक ने कहा कि समस्याओं की जानकारी उन्हें भी दी जाए, वह खुद ऊपर बात करेंगे। सभासद शिवकुमार ने शिकायत की कि डॉक्टर किसी का फोन नहीं उठाते हैं। बिजली न होने से कुछ स्थानों पर सोलर का बल्ब न जलने पर जनरेटर चलवाया गया। आक्सीजन प्लांट भी देखा। शोले ठाकुर, राजीव गुप्ता मौजूद रहे।