फर्रुखाबाद। टूंडला से फर्रुखाबाद पहुंची पैसेंजर ट्रेन में एक युवक का शव शौचालय में पड़ा मिला। काफी प्रयास के बाद भी उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। शव पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया है।
गुरुवार को टूंडला से फर्रुखाबाद पैसेंजर ट्रेन स्थानीय स्टेशन पर पहुंची। दोपहर में जीआरपी के स्कॉट ने जब ट्रेन के डिब्बों की चेकिंग की तो शौचालय में करीब 45 साल का युवक अचेत अवस्था में मिला।
यह देख स्टेशन पर हड़कंप मच गया। स्कॉट की सूचना पर रेलवे अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में इंस्पेक्टर विजय कुमार भी पहुंचे और उसको अपनी देखरेख में शौचालय से निकलवाया। रेलवे के डॉक्टर को बुलाकर जांच कराई गई तो उन्होंने मृत घोषित कर दिया।
इंस्पेक्टर विजय कुमार ने बताया कि युवक को देखने से बीमारी से मौत होना लग रहा है। उसके पास एक थैला मिला है। यात्रा की टिकट नहीं पाई गई। कुछ लोग टूंडला से ट्रेन पर सवार होने की बात बता रहे हैं। दरोगा अशोक कुमार ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। जीआरपी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।