कलक्ट्रेट में उद्योगबंधु की बैठक में लाभार्थी को किट देते डीएम। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को हुई व्यापारी व उद्योग बंधु की बैठक में शहर में अतिक्रमण व वेंडिंग जोन का मुद्दा उठा। इस पर जिलाधिकारी ने अतिक्रमण हटवाने और वेंडिंग जोन सक्रिय करने के निर्देश दिए। इसके साथ शहर में घूम रहे छुट्टा गोवंश को पकड़वाने को कहा।
जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने उद्योग बंधु की बैठक में ईओ नगर पालिका शहर में 15 दिन के अंदर वेंडिंग जोन चिह्नित कर सक्रिय कराने के निर्देश दिए। व्यापारियों ने अतिक्रमण की शिकायत की। इस पर डीएम ने एएसपी व नगर मजिस्ट्रेट से कहा कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इसके बाद संबंधित चौकी प्रभारियों को दोबारा अतिक्रमण न होने देने की जिम्मेदारी सौंपी जाए। डीएम ने ईओ को डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन की स्थिति सुधारने और शहर में घूम रहे छुट्टा गोवंश पकड़वाकर गोशालाओं में भिजवाने निर्देश दिए।
उन्होंने शहर की सुंदरता बिगाड़ने वालों पर कार्रवाई करने का आदेश दिया। डीएम ने नगर मजिस्ट्रेट से कहा कि शहर में गेस्ट हाउस मालिकों को 15 दिन में पार्किंग स्थल चिह्नित करने मौका दिया जाए। इसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने अवैध ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। बिजली व्यवस्था सुधारने की भी चेतावनी दी। निजी अस्पतालों का बायोवेस्ट न उठाने पर संबंधित संस्था को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
व्यापारियों ने भोलेपुर मार्ग पर जलभराव की शिकायत की। इस पर डीएम ने कार्यदायी संस्था सेतु निगम को समतलीकरण कराने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी एम.अरून्मोली ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत 15 पात्र लाभार्थियों को टूल किट वितरित की। नगर मजिस्ट्रेट अशोक कुमार मौर्य, एसडीएम सदर अनिल कुमार, एसीएमओ आदि मौजूद रहे।