फर्रुखाबाद। गर्मी बढ़ते ही इमरजेंसी कटौती और लोकल फाल्टों से बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। ग्रामीण इलाकों को दस घंटे बिजली नसीब नहीं हो रही है। शहरी क्षेत्र में लोकल फाल्टों से अधिकांश समय बिजली गुल रहती है। बिजली न मिलने से शहरी व ग्रामीण गर्मी से बेहाल रहते हैं।
शहरी क्षेत्र को निर्बाध 24 घंटे, तहसील क्षेत्र को 20 और ग्रामीण क्षेत्र को 18 घंटे बिजली देने का आदेश हैं। गर्मी बढ़ते ही शहर व ग्रामीण इलाकों की बिजली व्यवस्था बेपटरी हो गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में दिन में पांच और रात में तीन घंटा इमरजेंसी कटौती की जाती है। बाकी समय लोकल फाल्टों और ओवर लोड से बार-बार ट्रिपिंग से बिजली लगातार एक घंटा नहीं रहती है। इससे ग्रामीण इलाकों को दस घंटे भी बिजली नहीं मिल रही है। शहरी क्षेत्र में लोकल फाल्ट अधिक होने से अधिकांश समय बिजली गुल रहती है। शुक्रवार को मिल्कडेयरी फीडर की लाइन में दिन में तीन से शाम सात बजे तक करीब 15 बार 10-10 मिनट के लिए बिजली गुल रही। फतेहगढ़ फीडर दिन में 15 से 20 बार ट्रिप होने से बंद हुआ। यहीं हाल शहरी क्षेत्र के अन्य विद्युत उपकेंद्रों का रहा। लोकल फाल्टों से किसी भी उपकेंद्र का फीडर लगातार एक घंटा नहीं चला। बार-बार बिजली गुल होने से शहरी गर्मी से बेहाल रहे।
ग्रामीण बोले
गांव करनपुर दत्त निवासी मुकेश शर्मा का कहना है कि गर्मी बढ़ते ही बिजली संकट पैदा हो गया है। दस घंटे भी बिजली नसीब नहीं हो रही है। गांव कोलासोता निवासी अमरजीत का कहना है कि लोकल फाल्टों से एक घंटे भी लगातार बिजली नहीं रहती है। दिन में अधिकांश समय बिजली गुल रहती है। शमसाबाद के गांव नगलानान निवासी नरेंद्र अवस्थी का कहना है कि गर्मी में दिन तो बिना बिजली के कट जाता है, लेकिन रात में बिजली न आने से काफी दिक्कत होती है। अकबरपुर निवासी अरविंद कुमार का कहना है कि इमरजेंसी कटौती और लोकल फाल्टों से अधिकांश समय बिजली गुल रहती है। सिर्फ कागजों में बिजली देना दिखाया जाता है।
जिम्मेदार बोले
‘अभी कार्यभार संभाला है। बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए जो कमियां हैं, उनको दूर कराया जाएगा। इमरजेंसी कटौती कंट्रोल रूम से होती है।’
-राहुल बाबू कटियार, एक्सईएन ग्रामीण
.................
‘गर्मी अधिक होने से बिजली की खपत बढ़ गई है। बिजली चोरी भी हो रही है। इससे ओवरलोड होने से बार-बार ट्रिपिंग आने की समस्या पैदा हो गई है। इससे निजात दिलाने के लिए चेकिंग कराई जा रही है।’
-आरबी यादव, एक्सईएन शहरी
बंच केबल जलने से उपकेंद्र चार घंटे रहा बंद
फतेहगढ़ में गुरुवार रात मोहल्ला सिविल लाइन में बंच केबल में आग लग गई। इससे 15 मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। बंच केबल बदलने में करीब चार घंटे का समय लगा। इसके बाद मोहल्लों की बिजली रात एक बजे के बाद चालू हुई। वहीं, फतेहगढ़ विद्युत उपकेंद्र के मोहल्ला वनखड़ियां की बंच केबल शुक्रवार सुबह जल गई। इससे उपकेंद्र को बंद कराकर केबल बदलवाने का काम कराया गया। एक्सईएन शहरी आरबी यादव ने बताया कि बंच केबल काफी पुरानी है। लोड अधिक होने से जल रही है। बंच केबल के लिए डिमांड भेजी गई है। उसके न आने के कारण फुंकी बंच केबलों को जोड़कर काम चलाया जा रहा है।