कायमगंज (फर्रुखाबाद)। बाट-माप विभाग ने नगर में सोमवार सुबह छापामार अभियान चलाकर 12 से अधिक व्यापारियों के चालान किए हैं। अभियान के दौरान कमियां पाए जाने पर कार्रवाई की गई है। इसमें पांच हजार रुपये जुर्माना या छह माह तक सजा दोनों का प्रावधान है।
एसडीएम नरेंद्र सिंह के निर्देश पर बाट-माप निरीक्षक विजय कुमार व उनकी टीम ने नगर में छापा मार अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि यहां माल को ओवर रेट पर बेचने की शिकायतें मिल रही थीं। इस पर टीम के लोग ग्राहक बनकर पहुंचे तो श्यामगेट स्थित एक दुकान पर दूध का पैकेट 28 रुपये के स्थान पर 30 रुपये में बेचा जा रहा था। इसके अलावा पुरानी गल्ला मंडी में मुमताज अली के सरसों के तेल कारखाना, विवेक कुमार की किराना दुकान, रेलवे रोड स्थित राजेश की बर्तन दुकान, राजन बीज एजेंसी, न्यू कृपा कल्याण केंद्र, ओल्ड तिवारी बीज भंडार पर कांटा बांट बिना सत्यापन के पाया गया। कोई भी दुकानदार प्रमाण पत्र मांगे जाने पर नहीं दिखा सके। बांट माप निरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि सभी के चालान काटे गए हैं। व्यापारियों को जुर्माना अदा करना होगा।