फर्रुखाबाद। युवक की हत्या में आरोपी मेरापुर एसओ व अचरा चौकी इंचार्ज को एसपी ने हटा दिया है। इसके साथ ही तीन इंस्पेक्टर सहित 40 दरोगाओं की तैनाती में फेरबदल किया है।
मेरापुर क्षेत्र के गांव ब्रह्मपुरी में पुलिस की पिटाई से गौतम उर्फ सेना की मौत शुक्रवार रात हो गई थी। इस मामले में मेरापुर थानाध्यक्ष जगदीश वर्मा व अचरा चौकी इंचार्ज सहित 10 पुलिस कर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके बाद सोमवार रात को एसपी अशोक कुमार मीणा ने हत्यारोपी एसओ जगदीश वर्मा को इंचार्ज पद से हटाकर मऊदरवाजा थाने का एसएसआई बना दिया।
अचरा चौकी इंचार्ज विश्ववनाथ आर्य को मदनपुर चौकी की जिम्मेदारी दे दी है। यहां के चौकी इंचार्ज अशोक कुमार को अचरा चौकी का प्रभारी बनाया है। न्यायालय सुरक्षा में तैनात इंस्पेक्टर निर्भय चंद्र को मेरापुर थाने में इंस्पेक्टर अपराध बनाया है। पुलिस लाइन में तैनात इंस्पेक्टर राम लक्ष्मण यादव को प्रभारी डीसीआरबी, रविंद्र सिंह को प्रभारी न्यायालय सुरक्षा बनाया है।